रुड़की। शहर में रंगदारी के लिए चिकित्सकों और उद्यमियों को धमकी भरे फोन करने को लेकर आतंक का पर्याय बने कुख्यात सुनील राठी को 30 घंटे के पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया है। कुछ देर पूछताछ के बाद पुलिस की टीम राठी को बागपत जेल ले गई। जहां से शहर के चिकित्सक एनडी अरोड़ा को धमकी देने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।
सुनील राठी पर आरोप है कि अक्टूबर में डा. एनडी अरोड़ा को फोन कर उसने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। इस मामले में पुलिस ने सुनील राठी की मां राजबाला राठी को भी गिरफ्तार किया गया था। इन दिनों रुड़की जेल में ही शिफ्ट किए गए सुनील राठी को पूछताछ के लिए पुलिस ने 30 घंटे के पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया है। शुक्रवार की सुबह पुलिस की टीम राठी को सिविल लाइंस कोतवाली लेकर आई। इस दौरान सुरक्षा के प्रभावी प्रबंध थे। एसएसपी कृष्णकुमार वीके खुद भी राठी से पूछताछ करने पहुंचे। कुछ सवालों के जवाब देने के बाद पुलिस टीम राठी को लेकर बागपत जेल चली गई। जहां से वो मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया जिससे डा. एनडी अरोड़ा को धमकी दी गई थी। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने बताया कि धमकी भरे फोन वाले मामले में जांच जारी है। इसी के तहत रिमांड लिया गया है। उन्होंने बताया कि देर शाम मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।