ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे शव को परिजनों और दोस्तों द्वारा जबरन छीनकर ले जाने पर पुलिस ने सात लोगों पर केस दर्ज कर दिया है। पुलिस ने लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है।
क्षेत्र के मुबारिकपुर अलीपुर गांव निवासी रविंद्र पुत्र अतर सिंह की फैक्ट्री में काम करते हुए दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। कर्मचारी की इलाज के दौरान रुड़की अस्पताल में मौत हो गई थी। उस दौरान परिजन शव को गांव लेकर चले गए थे। इसी बीच कोतवाली पुलिस भी गांव में पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक के परिजनों और साथियों नेे पोस्टमार्टम की कार्रवाई का विरोध किया। पुलिस का कहना है कि इसी बीच परिजनों और मृतक के साथियों ने उनके कब्जे से शव छीन लिया। इसके बाद उन्होंने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। मामले में उच्चाधिकारियों ने केस दर्ज करने के आदेश दिए। कोतवाली एसी शर्मा ने बताया कि मुबारिकपुर के चंद्रशेखर आजाद पुत्र ईशम सिंह, राजवीर पुत्र अतर सिंह, साधूराम पुत्र काला सिंह, परविंदर पुत्र अतर सिंह, अजब सिंह पुत्र करताराम, संदीप पुत्र अजब सिंह निवासी बसेड़ी और भगत सिंह पुत्र ब्रह्म सिंह निवासी अकौढा कलां के खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा डालने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।