ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। कैंटीन संचालक के मकान को चोरों ने निशाना बनाया। लाखों की चोरी कर भाग निकले। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। कैंटीन संचालक ने तहरीर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित सोलानीपुरम में मनोज बत्रा का मकान है। मनोज बत्रा की आईआईटी में खाने की कैंटीन है। मनोज के अनुसार, वह अपने कारोबार से बाहर गए थे। मंगलवार शाम उनके पार्टनर विनोद अग्रवाल के बच्चे घर आए थे। रात करीब साढ़े आठ बजे उनकी पत्नी और बच्चे पार्टनर की पत्नी और बच्चों को मोहनपुरा में उनके घर छोड़ने गई थी। उन्हें छोड़कर लौटे तो मकान का ताला टूटा पड़ा था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। पत्नी ने मनोज बत्रा और पुलिस को को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस ने मौका मुआयना किया। मनोज ने बताया कि चोरों ने उनके घर से करीब 3.50 लाख की नकदी और करीब ढाई लाख के जेवर चोरी किए हैं। उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही आसपास के लोगों से संदिग्धों के बारे में पूछताछ की जा रही है।