ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर। ढाढेकी गांव में दलाल की प्रताड़ना से तंग आकर किसान के आत्महत्या करने के मामले में लक्सर कोतवाली पुलिस ने एक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मृतक किसान के बेटे की तहरीर पर मामले में कार्रवाई की है।
गौरतलब है कि कोतवाली क्षेत्र के ढ़ाढेकी गांव निवासी किसान ईश्वर चंद्र शर्मा (65) ने सोमवार सुबह जहर खा लिया था। अस्पताल ले जाते समय किसान की मौत हो गई थी। मृतक की जेब के से दो सुसाइड नोट मिले थे। लक्सर कोतवाली पुलिस के अनुसार किसान ने आत्महत्या का जिम्मेदार एक दलाल को ठहराया था। दलाल की प्रताड़ना के चलते ही किसान ने आत्महत्या जैसा घातक कदम उठाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इस मामले में किसान संगठनों ने भी किसान को मुआवजा दिलाए जाने की आवाज उठाई है। वहीं मामले में किसान के बेटे अरुण कुमार ने आरोपी दलाल के खिलाफ तहरीर दी थी। कोतवाल वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अजीत पुत्र समय सिंह निवासी हुसैनपुर के खिलाफ किसान को आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही किसान की जेब से मिले सुसाइड नोट को फारेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।