ब्यूरो/अमर उजाला, खानपुर
खानपुर लक्सर मार्ग पर महेश्वरा गांव की पुलिया के पास एक निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। घटना के समय बस में करीब 26 स्कूली बच्चे सवार थे। इनमें से कुछ बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को घर भेज दिया गया।
लक्सर-खानपुर हाईवे पर एक स्थित एक अंग्रेजी माध्यम की स्कूल बस बच्चों को लेकर आ रही थी। सुबह आठ बजे अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। बस पलटते ही बस में सवार बच्चों में चीख पुकार मच गई। बस पलटने के पास आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को बाहर निकाला। उसके बाद दूसरे वाहन के माध्यम से बच्चों को अस्पताल में पहुंचाया गया। स्कूली पलटने की खबर के बाद बच्चों के अभिभावक स्कूल की ओर दौड़ पड़े। इस दौरान अभिभावक स्कूल के प्रधानाचार्य से बच्चों के विषय में जानकारी के लिए फोन करने लगे। बस में 26 बच्चे सवार थे। स्कूल की मिनी बस डग्गामारी में चल रही थी, मिनी बस पर न तो पीला पेंट किया हुआ था और सुरक्षा से संबंधित उपकरण लगे थे। ग्रामीणों का कहना था कि चालक तेज गति से बस चला रहा था, बस की फिटनेस न होने से शायद ब्रेक नहीं लगे होंगे, हैंडल लॉक हो गया होगा। अपनी बच्चों को सुरक्षित देखकर अभिभावकों ने राहत की सांस ली। वहीं स्कूल के प्रिसिपल का कहना है कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई वहां पर सड़क खराब थी।
स्कूली बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर मिली है। किसी अभिभावक की ओर से शिकायत नहीं की गई। बुधवार को स्कूल में जाकर बस से संबंधित पत्रावलियों की जांच की जाएगी। उसके बादप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-अरविंद रतूड़ी, चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर