लक्सर। तीन दिन पहले संदिग्ध हालात में लापता हुए शराब कारोबारी को गागलहेड़ी थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया गया है। लक्सर कोतवाली पुलिस की एक टीम शराब कारोबारी को लेने के लिए गागलहेड़ी के लिए रवाना हुई है। बताया जा रहा है कि बदमाश शराब कारोबारी का अपहरण कर गागलहेड़ी क्षेत्र में ले गए थे।
मुंडाखेड़ा कलां गांव निवासी चरण सिंह पुत्र चमनलाल सिंह शराब का कारोबारी है। चरण सिंह 19 जनवरी को अपने बिजनेस पार्टनर के साथ हिसाब करने के लिए घर से निकला था, लेकिन उसके बाद चरण सिंह वापस नहीं लौटा। जिसके चलते पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने बीस जनवरी को चरण सिंह की बाइक को कुआंखेड़ा गांव के जंगल से बरामद किया था। चरण सिंह के परिजनों ने खेड़ी कलां निवासी बिजनेस पार्टनरों पर उसे गायब करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। जिसके बाद पुलिस चरण सिंह की तलाश कर रही थी। रविवार को चरण सिंह ने सहारनपुर के गागलहेड़ी गांव निवासी एक किसान के घर पर पहुंचकर आपबीती सुनाई। चरण सिंह के हाथों में रस्सी बंधी थी। चरण ने किसानों को बताया कि बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया था। जिसके चलते वह किसी तरह बदमाशों से बचकर पहुंचा है। उक्त किसान ने गागलहेडी थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। जिसके बाद गागलहेड़ी पुलिस ने लक्सर पुलिस से संपर्क किया है। कोतवाल त्रिवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि चरण सिंह को लक्सर लाने के लिए एक टीम गागलहेड़ी रवाना की गई है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।