ब्यूरो/अमर उजाला, झबरेड़ा
नगला गांव के तीन लोगों से विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लाख रुपये की ठगी की गई। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित अब कोर्ट की शरण लेने की तैयारी कर रहे हैं।
नगला गांव निवासी नाजीम, ताजीम और काला विदेश में नौकरी करने के इच्छुक थे। तभी तीनों की मुलाकात मंगलौर के एक शख्स से हुई। आरोप है कि उसने तीनों को दुबई में नौकरी दिलाने के लिए एक-एक लाख रुपये लिए। वहीं, 17 जनवरी 2018 को तीनों को नौकरी के लिए दुबई भेज दिया गया, लेकिन दुबई प्रशासन ने तीनों 12 अप्रैल में यह कहते हुए वापस कर दिया कि उनके पास सिर्फ घूमने का वीजा है। इसके बाद तीनों व्यक्तियों को भारत भेज दिया गया। तीनों युवकों ने आरोपी से रकम मांगी, लेकिन आरोपी ने नहीं लौटाए। नाजीम की मानें तो पीड़ितों ने झबरेड़ा पुलिस को तहरीर देकर रकम दिलाने की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर मामले को रफा दफा कर दिया। उसने बताया अब कोर्ट की शरण लेने की तैयारी कर रहे हैं।