ब्यूरो/अमर उजाला, भगवानपुर। बिना अनुमति के आम के पेड़ काटने के मामले में पुलिस ने उद्यान प्रभारी रुड़की की तहरीर पर बाग मालिक समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बुधवार को गांव करोंदी के पास बाग मालिक और लकड़ी माफिया ने आम के बाग से आठ पेड़ों को बिना अनुमति के काटकर ठिकाने लगा दिया था। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत उद्यान विभाग के अधिकारियों को की थी, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण शुक्रवार रात फिर से 15 पेड़ों पर आरी चलाकर ठिकाने लगा दिया गया। ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह जब आम के बाग से पेड़ों को कटा देखा तो उन्होंने विभाग के उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद हरकत में आए उद्यान विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तो वहां एक ट्रैक्टर से आम के पेड़ों की जड़ों को उखाड़ा जा रहा था। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया। शनिवार सुबह मुख्य उद्यान अधिकारी हरिद्वार इंद्रपाल सिंह कुशवाहा ने भगवानपुर थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। थाना अध्यक्ष संजीव थपलियाल ने बताया कि उद्यान प्रभारी नरेश कुमार की तहरीर पर आरोपी बाग मालिक नरेंद्र सिंह, सुरेंद्र वर्मा और कुलभुषण जैन निवासी सैनिक कॉलोनी रुड़की के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।