रुड़की। पुलिस वर्दी में रोब गालिब कर ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों का सामान चुराने वाले को जीआरपी ने बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से फर्जी पहचान पत्र के अलावा लूट का माल बरामद किया है। पूछताछ के बाद जीआरपी ने मेरठ निवासी आरोपी का चालान कर दिया है।
शनिवार सुबह जीआरपी ने रुड़की स्टेशन के पास से उत्तर प्रदेश का पुलिसकर्मी पकड़ा। इस दौरान वह जीआरपी के जवानों से उलझ गया। उसने खुद को मेरठ में सिपाही के पद पर तैनात होने का रौब झाड़ा। जीआरपी ने उससे पुलिस का पहचान पत्र दिखाने को कहा तो वह सफाई देने लगा। शक पर जीआरपी उसे बाइक सहित चौकी लेकर पहुंची। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पहचान पत्र दे दिया। इसकी पड़ताल की तो पता चला कि इस नाम का कोई पुलिसकर्मी मेरठ में तैनात नहीं है। तलाशी लेने पर जीआरपी ने उसके कब्जे से कैमरा, एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के कब्जे से चार हजार रुपये भी बरामद किए हैं। उसने बताया कि आरोपी बहादुरगढ़, सकौती थाना, दौराला (मेरठ) निवासी संदीप गुज्जर पुत्र बेगराज हैं। जीआरपी ने उसका फर्जी वर्दी पहन कर लूटपाट करने के मामले में चालान कर दिया है। टीम को पुरस्कृत किए जाने के लिए रेलवे एसपी ने घोषणा की है। टीम में चौकी प्रभारी अमित कुमार, परमेंद्र सिंह, गजपाल सिंह, धर्मेंद्र सिंह शामिल थे।
एक्सप्रेस में यात्री से की थी लूटपाट
रुड़की। 10 नवंबर को असिस्टेट लाईन विरला नगर ग्वालियर मध्य-प्रदेश निवासी देवेंद्र तोमर उत्कल पूरी एक्सप्रेस में कोच एस 6 की बर्थ नंबर 17 पर हरिद्वार आ रहा था। इसका रुड़की के पास किसी ने बैग चुरा लिया था। पीड़ित ने रिपोर्ट हरिद्वार जीआरपी थाने में दर्ज कराई थी। घटनाक्रम रुड़की स्टेशन का होने के कारण मामला रुड़की जीआरपी को स्थानांतरित कर दिया गया था। जीआरपी रुड़की में 20 दिसंबर को दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही थी। चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि चुराए मोबाइल की लोकेशन रेलवे स्टेशन के पास मिल रही थी। गिरफ्तारी को टीम लगाई थी।