ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। लोहे की फैक्ट्री में घुसकर चोरों ने हजारों का सामान और मशीन चोरी कर ली। इसकी जानकारी होने पर फैक्ट्री मैनेजर ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस फैक्ट्री परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही फैक्ट्री के गार्ड से भी पूछताछ कर रही है।
यूपी के झांसी निवासी एस. पाल की रुड़की स्थित सलेम औद्योगिक क्षेत्र में नीरज बोल्ट के नाम से लोहे की फैक्ट्री है। मंगलवार की रात फैक्ट्री में तैनात गार्ड खाना खाने गया था। इस बीच चोरों ने फैक्ट्री में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। गार्ड के अनुसार, खाना खाने के बाद वह लौटकर फैक्ट्री पहुंचा, लेकिन उसे भी चोरी की जानकारी नहीं थी। बुधवार की सुबह मजदूर फैक्ट्री पहुंचे तो उन्होंने लोहे का सामान और मोल्ड मशीन गायब थी। मजदूरों ने फैक्ट्री मैनेजर राजकुमार वर्मा को सूचना दी। राजकुमार वर्मा ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फैक्ट्री का मौका मुआयना किया और गार्ड से चोरी की बाबत जानकारी ली। इसके बाद फैक्ट्री मालिक ने गंगनहर कोतवाली पहुंचकर चोरी की तहरीर दी। एसएसआई रणजीत तोमर ने बताया कि चोरी की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही फैक्ट्री परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।