अमर उजाला ब्यूरो
भगवानपुर। महिला ने पति और ससुर पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। महिला ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पुलिस से की है। पुलिस ने महिला को मेडिकल के लिए भेजा है।
सोमवार को रेशमा निवासी नंहेड़ा अनंतपुर गंभीर हालत में थाने पहुंची। रेशमा का कहना था कि उसकी शादी नंहेड़ा अनंतपुर गांव में हुई थी। शादी के बाद से ही छोटी-छोटी बातों पर ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट करते रहते हैं। महिला का आरोप है कि सोमवार को पारिवारिक कलह के चलते पति और ससुर ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसआई मनोज मामगई का कहना है कि महिला को मेडिकल के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।