अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की। पुलिस की ओर से मंडी में क्रिकेट खेलने को लेकर युवकों के साथ की गई मारपीट से नाराज मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने एसपी देहात से मुलाकात कर नाराजगी जताई। विधायक ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को मंगलौर मंडी मेें क्रिकेट खेलने को लेकर पुलिसकर्मियों ने युवकों के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित युवकों ने मामला क्षेत्रीय विधायक काजी निजामुद्दीन तक पहुंचाया तो वे युवकों के साथ रुड़की एसपी देहात मणिकांत मिश्रा के कार्यालय शिकायत दर्ज कराने पहुंच गए। विधायक ने साफ शब्दों में कहा कि पुलिस ने ज्यादती करते हुए मंगलौर मंडी में क्रिकेट खेल रहे युवकों के साथ मारपीट की। विधायक निजामुद्दीन ने इसे पुलिस की ज्यादती बताते हुए मारपीट के आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी देहात ने आश्वासन दिया कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी यदि पुलिसकर्मी दोषी पाए जाते हैं तो कार्रवाई की जाएगी। एसपी देहात ने पुलिस द्वारा मारपीट की बात को खारिज किया।
क्रिकेट खेलने को लेकर चले लात-घूंसे, कई चोटिल
झबरेड़ा। मानकपुर गांव में क्रिकेट खेलने को लेकर मामूली कहासुनी पर युवकों में जमकर लात-घूंसे चले। इस दौरान कई युवक चोटिल हो गए, लेकिन फिलहाल किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। फिर भी पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के मानकपुर गांव में सोमवार सुबह कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। इसी बीच किसी बात को लेकर युवकों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते युवकों में मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले। सूचना पर युवकों के परिजन भी आमने-सामने आ गए। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया। थानाध्यक्ष सुखपाल सिंह मान का कहना है कि दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की हिदायत दी गई है। यदि कोई पक्ष विवाद को तूल देता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो