ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। हरिद्वार से वापस मेरठ लौट रहे एक कारोबारी की कार से टप्पेबाजों ने मोबाइल व लैपटॉप चोरी कर लिया। कारोबारी ने आसपास मोबाइल व लैपटॉप की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। कारोबारी ने कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आसपास जानकारी ली, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। शिकायत करने के बाद कारोबारी मेरठ के लिए रवाना हो गया।
मेरठ के गीताजंलि विहार निवासी कारोबारी अनूप कुमार रविवार को वह अपने कारोबार के सिलसिले में हरिद्वार आए थे। यहां काम खत्म करने के बाद वह सोमवार सुबह कार से वापस मेरठ लौट रहे थे। जैसे ही वह रुड़की स्थित मलकपुर चुंगी पर पहुंची तो वह एक दुकान पर चाय पीने के लिए ठहर गए। वह बिना कार लॉक किए चाय की दुकान पर चाय पीने चले गए। चाय पीकर वापस कार के पास आए तो कार से लैपटॉप व एक मोबाइल गायब था। लैपटॉप व मोबाइल गायब देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने आसपास दुकानदारों से लैपटॉप व मोबाइल की जानकारी ली, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। इसके बाद वह सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। साथ ही बताया कि लैपटॉप में उनके कारोबार से जुड़ा डाटा था। कारोबारी ने कोतवाली में लैैपटॉप व मोबाइल चोरी की तहरीर दी और वापस लौट गए। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।