ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
मामूली बात पर हुए विवाद में स्कूल के बाहर छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। दोनों गुटों में सरेराह जमकर बेल्ट और लात घूंसे चले। छात्रों में मारपीट से आसपास के दुकानदारों में खलबली मच गई। दुकानदारों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस पांच छात्रों को पकड़कर कोतवाली ले आई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक इंटर कॉलेज के बाहर बृहस्पतिवार को बाइक पर हाथ रखने की बात को लेकर एक पक्ष के छात्रों ने एक छात्र के साथ गाली गलौज कर दी। छात्र ने विरोध किया तो उक्त छात्रों ने उसके साथ मारपीट कर दी। साथी को पिटता देख अन्य छात्र भी मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया। इस बीच छात्रों के दोनों गुटों में स्कूल के बाहर ही सरेराह बेल्ट और जमकर लात घूंसे चले। इससे आसपास के दुकानदारों में खलबली मच गई। इस पर दुकानदारों ने सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पांच छात्रों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। सूचना मिलते ही छात्रों के परिजन भी कोतवाली जा पहुंचे। पुलिस ने परिजनों के सामने ही छात्रों को जमकर फटकारा। गंगनहर कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि छात्रों को चेतावनी देकर छोड़ दिया है।