भगवानपुर। भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम मंडावर के पास एक कॉलेज में मंगलवार देर शाम छात्रों के बीच क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मामला मारपीट में बदल गया। मारपीट में छह छात्र घायल हो गए। पुलिस ने मारपीट में शामिल 12 से ज्यादा छात्रों का शांतिभंग में चलान कर दिया।
ग्राम मंडावर स्थित एक कॉलेज में खेल मैदान में कुछ छात्र क्रिकेट खेल रहे थे। इस बीच किसी बात को लेकर छात्रों में बहस हो गई। मामला छात्रों में हाथापाई से लेकर मारपीट तक जा पहुंचा। इस दौरान मारपीट में अंशुमल निवासी जिला बेगू सराय, जयदीप निवासी गोविंद नगर, आगरा, सिद्धार्थ कश्यप निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार, गौरव शर्मा निवासी शामली, ऋषभ कुमार निवासी नजीबाबाद, नवीन समेत कई अन्य छात्र घायल हो गए। किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 12 से अधिक छात्रों को हिरासत में लिया और थाने ले आई। पुलिस ने घायल छात्रों का मेडिकल कराया। साथ ही घायलों के परिजनों को मामले की जानकारी दी। थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल ने बताया कि कॉलेज में छात्रों के बीच क्रिकेट खेलने को लेकर मारपीट हो गई थी। मामले में 12 से ज्यादा छात्रों का शांतिभंग में चालान कर दिया है। कॉलेज के प्रबंध तंत्र को थाने बुलाकर कॉलेज में अनुशासन बनाने की हिदायत दी है।