ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट को शेयर करना एक युवक को भारी पड़ गया। एलआईयू ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर घंटों पूछताछ की। युवक ने गलती से पोस्ट को शेयर करने की बात कही। इस पर एलआईयू ने काउंसिलिंग करने के बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी एक युवक ने अपने फेसबुक एकाउंट पर किसी की आपत्तिजन पोस्ट शेयर कर दी। इसकी वजह से उसकी फ्रेंड लिस्ट से जुड़े दोस्तों समेत कई लोगों के कमेंट्स आने लगे। फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर वाक युद्घ छिड़ गया। किसी ने एलआईयू को सूचना दी। एलआईयू ने आरोपी युवक की तलाश की। युवक के बारे में पूरी जानकारी मिलने के बाद उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। एलआईयू ने उससे घंटों पूछताछ की। साथ ही उसे हिदायत दी कि वह ऐसी आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने से सचेत रहे। एलआईयू प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने पर एक युवक से पूछताछ की गई थी। उसकी काउंसलिंग करने के बाद दोबारा ऐसी गलती न करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।