ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर। खेत से लौट रहे बसेड़ा के ग्रामीणों के साथ मारपीट मामले में पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों का मेडिकल कराने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के बसेड़ा गांव निवासी कमल सिंह, शिवपाल सिंह बृहस्पतिवार को खेत से वापस लौट रहे थे। उसी समय सीधड़ू के कुछ युवक रास्ते में होली खेल रहे थे। किसानों ने उन्हें रास्ते से हट जाने के लिए कहा। आरोप है कि युवकों ने उनके साथ गाली गलौज कर दी। बसेड़ा गांव के ग्रामीणों ने इसकी जानकारी अपने परिवार के लोगों को दी। इसी बीच कई लोग मौके पर आ गए और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में बसेड़ा गांव निवासी जोगेंद्र और आलोक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जबकि बसेड़ा गांव के ही विकास, सेठी भी घायल हो गए थे। इस मामले में घायल पक्ष के कमल ने घटना की तहरीर पुलिस को दी थी। पुलिस ने इस मामले में बॉबी, रामशरण, कल्लू, संजय सहित दस अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया था। कोतवाल वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि बॉबी, अंकुश, अंकित, सुमित, बबलू, सीताराम, रजनीश का मेडिकल कराने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।