ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
पार्टी में तेज आवाज में डीजे पर गाने बजाने को लेकर पड़ोसियों की आपस में गालीगलौज हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप कर समझौता कराया। साथ ही दोबारा विवाद करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहनपुरा में एक व्यक्ति के घर पार्टी चल रही थी। डीजे पर गाने बज रहे थे और लोग डांस कर रहे थे। इस बीच किसी ने डीजे की आवाज तेज कर दी। कुछ देर बाद तेज गाने बजाने पर पड़ोसी ने ऐतराज जताया। इस पर डीजे की आवाज कम कर दी गई, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर से तेज आवाज में डीजे पर गाने बजने लगे। इस पर पड़ोसी ने दोबारा मौके पर पहुंचकर कम आवाज में डीजे बजाने को कहा। आरोप है कि डीजे पर डांस कर रहे कुछ युवकों ने पड़ोसी से अभद्रता कर दी। विरोध करने पर युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि युवकों ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी आ गए और बीच बचाव कराया। साथ ही मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच मामले का निपटारा किया और दोनों पक्षों को विवाद न करने की नसीहत दी। एसएसआई प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता करा दिया।