ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर। कस्बा सुल्तानपुर क्षेत्र से मंगलवार की सुबह दो सगी बहनें संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर दोनों को रुड़की रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक इस मामले में गांव के ही चार युवकों को हिरासत में लिया गया है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर क्षेत्र निवासी एक युवक ने दो दिन पहले पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी दो बहनें संदिग्ध हालात में घर से लापता हो गई है। युवक ने बताया था कि दोनों बहनें नाबालिग हैं, इनमें एक की आयु 17 और छोटी की आयु 14 वर्ष है। नाबालिग बहनों के लापता होने के मामले को पुलिस ने गंभीरता से लिया। पुलिस ने युवती के मोबाइल नंबर को ट्रैस किया तो फोन की लोकेशन रुड़की रेलवे स्टेशन के आसपास मिली। इसके बाद पुलिस लापता दोनों बहनों के परिजनों को लेकर रुड़की रेलवे स्टेशन पहुंची। वहां पर पुलिस को दोनों बहनें बैठे हुए मिल गई। पुलिस के मुताबिक दोनों बहनों के साथ चार युवक भी मौजूद थे। पुलिस ने चारों को हिरासत में ले लिया। जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि चारों युवक दोनों बहनों को बहला फुसलाकर अपने साथ लाए थे। ये सब पंजाब जाने की फिराक में थे। उधर, कोतवाल वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।