ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
मुकदमे की तारीख पर कोर्ट गईं दो बहनों की गोद से उनके पतियों ने बच्चों को छीनने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, आरोप है कि विरोध में करने पर युवकों ने अपनी पत्नियों और सास से मारपीट भी की। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लक्सर कस्बे के सोसायटी रोड मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी दो बेटियों की शादी हरियाणा के पानीपत जनपद में दो सगे भाइयों के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालियों ने बेटियों को दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। कई बार रिश्तेदारों के बीच बैठक कर मामले को निपटाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके व्यवहार में बदलाव नहीं आया। इसी बीच दोनों बेटियों ने एक-एक बेटे को जन्म दिया। इसके बाद लंबे समय से दोनों बेटियां उसके पास ही रह रही हैं। उनका अपने पतियों के साथ लक्सर कोर्ट में मुकदमा भी चल रहा है। बृहस्पतिवार को दोनों बच्चों के साथ कोर्ट में तारीख पर गई थीं। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद उसके दोनों दामादों ने उनकी गोद से बच्चों को छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर मारपीट भी की। आरोप है कि बीच बचाव कराने आई उसकी पत्नी के साथ भी दामादों ने मारपीट कर दी। शोर सुनकर कई लोग मौके पर आ गए, जिन्हें देख दामाद फरार हो गए। लक्सर कस्बा चौकी प्रभारी खेमेंद्र सिंह गंगवार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।