ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर। क्षेत्र के एक गांव में रात में शौचालय गई किशोरी के साथ गांव के एक युवक ने दुष्कर्म कर डाला। किशोरी को गायब देख उसके परिजनों ने आरोपी के घर से बरामद कर लिया। परिवार वालों ने किशोरी को साथ लेकर कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही किशोरी को मेडिकल के लिए भेज दिया है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी एक 14 वर्षीय किशोरी पिछले छह माह से लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अपने मामा के घर रह रही थी। बताया जा रहा है कि 20 जून को किशोरी रात में शौच करने के लिए जंगल गई थी। इस बीच गांव के एक युवक ने किशोरी को दबोच लिया। आरोप है कि युवक जबरन उसे अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी को गायब देख उसके मामा के परिवार के अन्य लोगों ने उसकी तलाश की। जहां किशोरी को युवक के घर से बरामद कर लिया। किशोरी ने घर पहुंचकर जानकारी दी कि युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। शनिवार को किशोरी के मामा उसे लक्सर कोतवाली लेकर पहुंचे और युवक के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाल वीरेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर शेखर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि किशोरी को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है।