ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। साइबर शातिरों ने एक कर्मचारी को फोन कर खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए खाते की जानकारी हासिल की और हजारों रुपये निकाल लिए। ठगी की जानकारी होने पर कर्मचारी के होश उड़ गए। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित कृष्णानगर निवासी अनिल कुमार रामनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में कर्मचारी हैं। मंगलवार की सुबह वह ड्यूटी जा रहे थे। इस बीच उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताया। साथ ही बैंक की ओर से अपने ग्राहकों का सत्यापन किए जाने की बात कही। झांसा देकर उसने अनिल से खाता संख्या और एटीएम कार्ड संख्या पूछा। इसके बाद ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) पूछकर कॉल डिसकनेक्ट कर दी। कुछ ही देर में अनिल के मोबाइल फोन पर खाते से 16 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। आननफानन उन्होंने अपना एटीएम कार्ड बंद कराया। साथ ही बैंक पहुंचकर जानकारी ली। इसके बाद वह कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।