रुड़की। एक ट्रक में लाखों की कीमत की चोरी कर जा रही लकड़ी की सूचना पर वन विभाग की टीम ने वन तस्करों की घेराबंदी की। इस दौरान वन तस्कर हसनपुर के पास ट्रक छोड़कर फरार हो गए। टीम ने लकड़ी से भरा ट्रक अपने कब्जे में ले लिया। वन विभाग के अधिकारी वन तस्करों की जानकारी जुटाने में लगा है।
बुधवार को वन विभाग के अधिकारियों को मुखबिर ने सूचना दी कि वन तस्कर गांव हसनपुर के पास से लाखों की कीमत की लकड़ी काटकर ट्रक से सहारनपुर की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान वन विभाग की टीम को देख वन तस्कर ट्रक से कूदकर जंगल की ओर फरार हो गए। टीम ने लकड़ी से भरे ट्रक को कब्जे में ले लिया। ट्रक में शीशम समेत अन्य बेशकीमती लकड़ी भरी थी। रुड़की रेंजर आन सिंह कांधली ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक के नंबर के आधार पर वन तस्करों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। लकड़ी चोरी के मामले में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।