ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
प्रेमिका से मिलने देहरादून उसके घर पहुंचे एक युवक पर उसकी प्रेमिका और उसकी मां ने घर में रखी दस हजार की नकदी चोरी करने का आरोप लगाया है। दोनों मां-बेटी ने रुड़की पहुंचकर युवक के खिलाफ गंगनहर कोतवाली में तहरीर दी। किशोरी की मां ने आरोप लगाया कि युवक जबरन उसके घर में घुस आया और उसकी बेटी से छेड़छाड़ की। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
देहरादून के पटेल नगर निवासी एक किशोरी रुड़की में अपनी रिश्तेदारी में रहकर पढ़ती थी। इस दौरान उसकी दोस्ती गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित रामपुर गांव निवासी एक युवक से हो गई। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। आठवीं पास करने के बाद किशोर देहरादून अपने घर चली गई और वहीं पढ़ाई करने लगी। इस दौरान भी किशोरी की प्रेमी से मोबाइल पर बात होती रही। युवक प्रेमिका से मिलने बीच-बीच में देहरादून भी जाता रहा। दो दिन पहले भी युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर गया था। आरोप है कि युवक ने घर में रखी दस हजार की नकदी चोरी कर ली। नकदी चोरी होने पर किशोरी की मां ने बेटी से पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर किशोरी ने बताया कि उसके साथ रुड़की में पढ़ने वाला एक युवक घर आया था। इसके बाद बृहस्पतिवार को किशोरी और उसकी मां गंगनहर कोतवाली पहुंचे और युवक के खिलाफ तहरीर दी। आरोप लगाया कि युवक जबरन उसकी बेटी के पीछे पड़ रहा है। युवक दो दिन पूर्व जबरन घर में घुस आया था और उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की। साथ ही युवक ने घर में रखे दस हजार रुपये भी चोरी कर लिए। एसएसआई रणजीत तोमर ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।