ब्यूरो/अमर उजाला, खानपुर
तेज हवा चलने से माजरी गांव के किसान के खेत के ऊपर से निकली विद्युत लाइन में शनिवार दोपहर शॉर्ट सर्किट होने से फसल में आग लग गई। दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दो बीघा गन्ना और 18 बीघा पेड़ी गन्ना जलकर राख हो गया।
खेतों में गेहूं की फसल तैयार है। किसान रात दिन फसल की कटाई और थ्रेसिंग करने में जुटे हैं। वहीं, आग लगने से फसलें जलकर राख हो रही हैं। शनिवार को दोपहर अचानक तेज हवा चलने से माजरी गांव निवासी किसान संजय कुमार के खेत के ऊपर से निकली विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से गन्ने की फसल में आग लग गई। देखते ही देखते खेत में खड़ी दो बीघा गन्ने की फसल 18 बीघा पेड़ी गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। गन्ने के खेत से लपटें और धुआं उठता देख आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान पहुंचे। दमकल विभाग को सूचना दी गई। इधर, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग मिर्जापुर सादात गांव की आबादी तक पहुंच गई। इसके बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम और ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया।
आग लगने से 11 बीघा गेहूं की फसल जली
लक्सर। तहसील क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर आग लगने से दो किसानों का लगभग 11 बीघा गेहूं जलकर राख हो गया। गेहूं जलने से दोनों किसानों का लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के रजबपुर गांव निवासी जगपाल पुत्र गिरवर ने गेहूं की बुवाई की थी। शनिवार को लगभग 12 बजे उसके खेत में गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। इससे जगपाल की आठ बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। उन्होंने इसकी जानकारी अग्निशमन विभाग को दी। अग्निशमन विभाग की गाड़ी पहुंचने से पहले ही खेत में काम कर रहे किसानों ने सीमित संसाधनों से घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया। किसान जगपाल ने बताया कि आग लगने से करीब 50 हजार का नुकसान हुआ है।
दाबकी में भी तीन बीघा गेहूं की फसल राख
दाबकी गांव निवासी चिंता देवी ने अपने खेत में गेहूं की फसल बोई थी। शनिवार को उनकी गेहूं की फसल में आग लग गई। इससे उनकी तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। चिंता देवी ने बताया कि आग लगने उनकी फसल जलकर राख हो गई। चिंता देवी ने बताया कि आग लगने से उसका 40 हजार का नुकसान हुआ है। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले आसपास के लोगों ने आग पर काबू पा लिया।
हाईटेंशन लाइन की चिंगारी के कारण गन्ने की फसल जलने की सूचना मेरे संज्ञान में नहीं है। यदि बिजली की लाइन से निकली चिंगारी के चलते गन्ने खेत में आग लगी है तो किसान को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा।
-अमीचंद, एएसडी ऊर्जा निगम लक्सर।
मिर्जापुर सादात गांव के पास जंगल में गन्ने खेत में आग लगी थी। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
- अजब सिंह, दारोगा, अग्निशमन विभाग लक्सर
शेरपुर, सलेमपुर व कान्हापुर में गेहूं की फसल जली
रुड़की। शेरपुर, सलेमपुर और कान्हापुर में शनिवार को गेहूं की फसल में आग लग गई। इससे किसानों को लाखों का नुकसान हुआ है। आग लगने की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया।
शनिवार को आग लगने की एक के बाद एक तीन घटनाओं ने फायर ब्रिगेड की गाड़ी को खूब दौड़ाया। शेरपुर गांव में राजू गिरि की गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण खेत की तरफ दौड़ पड़े। साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। किसान राजू गिरि के अुनसार, उनकी करीब दस बीघा गेहूं की फसल जलकर बर्बाद हो गई। उधर, सलेमपुर गांव में भी आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। फायर कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक नासीर, नियामुल औन नसीम मुस्तकीम, निसार और रियासत अली की करीब 15 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। उधर, कान्हापुर गांव में वाहिद के गेहूं की फसल में आग लगी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और आग बुझाई। वाहिद की मानें तो करीब पांच बीघा फसल जलकर राख हो गई। आग लगने से करीब पांच लाख से भी अधिक का नुकसान बताया जा रहा है। एफएसओ अनिल त्यागी ने बताया कि आग से किसानों का भारी नुकसान हुआ है। फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।