अमर उजाला ब्यूरो
मंगलौर। वाहन चोर गिरोह के पकड़े जाने के बाद भी नगर से चोरी हुई करीब पंद्रह से अधिक बाइक की बरामदगी नही हो पायी है। वाहन चोरों से बरामद ज्यादातर वाहन रानीपुर व पथरी से चोरी की गई थी।
नगर से पिछले तीन महीनों में 15 से अधिक बाइक चोरी हो चुकी हैं। इनमें से महज दस की रिपोर्ट ही दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा बाइक बैंकों के सामने से चोरी हुई है। पिछले एक सप्ताह के भीतर तो छह बाइक चोरी हुई लेकिन बरामदगी सिर्फ एक की हुई है। पुलिस के ढीले रवैएं की वजह से वाहन चोरी की घटनाओं में तेजी आयी है। वाहन चोर घरों के बाहर खड़ी बाइक को भी नही छोड़ रहे है। तीन दिन पहले ही पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के पांच सदस्यों को पकड़कर आठ बाइक बरामद की लेकिन नगर से चोरी की गई महज एक बाइक ही इनमें शामिल थी। दूसरी ओर सीओ मंगलौर परीक्षित कुमार का कहना हैं कि चोरी हुई बाइक की तलाश की जा रही है। जल्दी ही चोरी की कई घटनाओं का खुलासा कर दिया जाएगा।