ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
दिल्ली-हरिद्वार हाईवे स्थित एक कंपनी के कार्यालय से चोरों ने करीब सवा तीन लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। कंपनी मालिक ने कार्यालय से रकम गायब देखी तो सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। साथ ही शक के आधार पर कंपनी में काम करने वाले दो कर्मचारियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित दिल्ली-हरिद्वार हाईवे स्थित ऑनलाइन कपड़ों की बिक्री करने वाली मिंत्रा लॉजिस्ट कंपनी है। कंपनी के कार्यालय में कई युवक काम करते हैं। सोमवार को कंपनी के कार्यालय में रखी सवा तीन लाख रुपये की नकदी चोरी हो गई। इसकी जानकारी कंपनी के मालिक को हुई तो उन्होंने सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। पुलिस ने शक के आधार पर कंपनी में काम करने वाले दो कर्मचारियों को कोतवाली बुलाकर पूछताछ की। इस पर युवकों ने बताया कि वह ड्यूटी खत्म होने के बाद घर चले गए थे। जबकि अन्य युवक कार्यालय में ही रुक गए थे। कंपनी मालिक ने बताया कि कुछ दिन पहले कंपनी में काम करने वाले कुछ युवकों ने कंपनी छोड़ दी है। यह रकम उनके समय कार्यालय में ही रखी हुई थी। उन्होंने यह रकम सोमवार को कार्यालय से गायब देखी। कंपनी मालिक ने उन युवकों पर भी शक जताया है। एसएसआई अभिनव शर्मा ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जिन युवकों ने नौकरी छोड़ी है, उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।