अमर उजाला ब्यूरो
लक्सर। बसेड़ा गांव में मकान निर्माण के दौरान सड़क पर पिलर लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव हो गया। एसडीएम के निर्देश पर पहुंची पुलिस ने जांच कर निर्माण कार्य रुकवा दिया है।
बसेड़ा गांव में एक ग्रामीण मकान का निर्माण कर रहा है। बताया जाता है कि शुक्रवार को ग्रामीण ने मकान का पिलर सड़क पर लगा दिए। इस पर गांव के ही दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने विरोध कर दिया। दोनों के बीच देखते ही देखते बात बढ़ गई। इसी बीच दो पक्षों के बीच तनाव होने की सूचना किसी ने एसडीएम कौस्तुब मिश्र को दे दी। इस पर एसडीएम ने लक्सर कोतवाली पुलिस को मौके पर भेजकर जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कोतवाली एसएसआई राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल निर्माण कार्य रुकवा दिया। उनका कहना था कि मामले की जांच पड़ताल होने तक कोई भी निर्माण कार्य नहीं करेगा। कोतवाल टी एस राणा ने बताया कि हल्का लेखपाल भूमि की पैमाइश करेगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।