ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
हैकर ने एक एमएससी के छात्र का फेसबुक एकाउंट हैक कर पूरे मैसेज व फोटो और फ्रेंड लिस्ट को डिलीट कर दिया। छात्र को इसकी जानकारी हुई तो उसने कोतवाली पहुंचकर मामले की जानकारी देकर तहरीर दी। पुलिस ने मामले को हरिद्वार साइबर सेल भेज दिया है। साइबर सेल जानकारी जुटा रही है कि किसने छात्र का फेसबुक एकाउंट हैक किया है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र आदर्शनगर निवासी एक युवक रुड़की के एक कॉलेज से एमएससी कर रहा है। छात्र ने अपना फेसबुक एकाउंट बना रखा है। छात्र ने सोमवार को अपना फेसबुक एकाउंट चेक किया तो वह खुल नहीं पाया। छात्र ने अपने एकाउंट को खोलने के लिए पासवर्ड भी बदला, लेकिन एकाउंट नहीं खुला। इसके बाद उसने अपने दोस्तों को जानकारी दी। दोस्तों ने अपनी फ्रेंड लिस्ट में चेक किया तो उसका एकाउंट ब्लॉक था। उसकी प्रोफाइल में न ही फोटो लगी थी और न ही कोई मैसेज थे। इतना ही नहीं उसके फेसबुक एकाउंट से पूरी फ्रेंड लिस्ट भी गायब थी। छात्र ने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद सोमवार की शाम कोतवाली पहुंचकर पुलिस को मामले की तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले को साइबर सेल भेजा गया है। साइबर सेल ही जानकारी जुटा रही है कि छात्र का फेसबुक एकाउंट किसने हैक किया है।