ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
छात्र का फेसबुक एकाउंट हैक कर किसी ने अश्लील पोस्ट डाल दी। छात्र ने मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि छात्र के सहपाठी ने ही उसका फेसबुक एकाउंट हैक कर अश्लील पोस्ट डाली है।
मुरादाबाद स्थित आवास विकास कॉलोनी निवासी आकाश रुड़की के एक कॉलेज में बीटेक का छात्र है। शुक्रवार को आकाश ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसके फेसबुक एकाउंट से कोई पिछले कई दिनों से अश्लील पोस्ट कर रहा है। एकाउंट से उसके दोस्तों वऔर रिश्तेदारों को भी टैग कर अश्लील पोस्ट की जा रही है। इसकी वजह से उसके दोस्तों और रिश्तेदारों के उसके पास कॉल आ रहे हैं। छात्र का कहना है कि उसने अपने फेसबुक एकाउंट का पासवर्ड बदलने का प्रयास किया, लेकिन वह बदल नहीं पाया। छात्र ने बताया कि उसके एक सहपाठी को उसके फेसबुक एकाउंट के पासवर्ड की जानकारी दी थी। आरोप है कि उसी ने एकाउंट हैक कर अश्लील पोस्ट डाली है। छात्र ने पुलिस से मामले में कार्रवाई कर फेसबुक एकाउंट बंद करवाने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। छात्र के सहपाठी से इस बाबत फोन पर जानकारी ली गई थी। वह ऐसा करने से मना कर रहा है।