लक्सर। अनियंत्रित बाइक के बुग्गी से टकराने पर बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर एकत्र हुए ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उत्तर प्रदेश के धामपुर निवासी आशीष (25) गंगनौली क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंप पर सेल्समैन था। बृहस्पतिवार की रात कोहरे की वजह से दृष्यता काफी कम थी। रात करीब आठ बजे पेट्रोल पंप से बाइक पर सवार होकर लक्सर स्थित अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह दाबकी कलां मोड़ के पास पहुंचा तो सामने खड़ी एक बुग्गी उसे दिखाई नहीं दी और वह उससे टकरा गया। टकराने पर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। सूचना दिए जाने के बावजूद एक घंटे तक भी पुलिस और एंबुलेंस नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल टीएस राणा का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।