रुड़की और भगवानपुर में कोरोना संक्रमितों के पिछले सभी रिकार्ड टूट गए हैं। पहली बार रुड़की में 334 और भगवानपुर में 102 कोरोना मरीज आए हैं। रिकार्ड तोड़ कोरोना पॉजिटिव आने से लोगों में दहशत है तो स्वास्थ्य विभाग की चिंता और बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी को आईसोलेट किया गया है।
रुड़की में बृहस्पतिवार को कोरोना पॉजिटिव की संख्या कम आने से स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली थी, लेकिन शुक्रवार के दिन कोरोना मरीज मिलने के सारे रिकार्ड टूट गए। रिकार्ड तोड़ मरीज आने से शहर से देहात तक दहशत का माहौल है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ गई है। शुक्रवार को रुड़की में 334, भगवानपुर में 102 और नारसन में 13 लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग लापरवाही न बरतने की सलाह के साथ ही मास्क और सैनिटाइज करने की अपील की जा रही है। सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि मरीजों की संख्या बढ़ना चिंता का विषय है। इसलिए लोगों से अपील की जा रही है कि वह घर पर रहें और सुरक्षित रहें।
बॉर्डर पर बारिश से झेली परेशानी
नारसन। शुक्रवार को बारिश और तेज हवा से नारसन बॉर्डर पर लगाए गए टेंट से पानी टपकता रहा। इस बीच बाहर से आए यात्रियों को टेंट से टपकते पानी के बीच रजिस्ट्रेशन और कोरोना जांच कराने के लिए मजबूर होना पड़ा। नारसन बॉर्डर पर शुक्रवार को यात्रियों की संख्या कम दर्ज की गई। वहीं, बारिश के बीच स्वास्थ्य विभाग और पुलिस टीम मुस्तैदी से काम करती रही।
बॉर्डर पर यह रही स्थिति
कोरोना जांच 1892
जांच रिपोर्ट लेकर आए 1631
रजिस्ट्रेशन और थर्मल स्क्रीनिंग 3523
कोरोना पॉजिटिव 9
भगवानपुर बॉर्डर पर मिले
भगवानपुर। भगवानपुर क्षेत्र के काली नदी और मंडावर चेकपोस्ट पर बाहर से आने वाले यात्रियों की कोरोना जांच की गई। जो लोग नेगेटिव कोरोना जांच रिपोर्ट लेकर पहुंचे, उन्हें ही सीमा में प्रवेश दिया गया। शुक्रवार को दोनों चेकपोस्ट पर कोरोना के पांच मरीज मिले। जिन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वापस लौटा दिया।
कोविड सेंटर पर जांच का काम शुरू
रुड़की। रुड़की में सिंचाई विभाग के भवन में बनाए गए कोविड केयर सेंटर में शुक्रवार को कोरोना जांच का काम शुरू हो गया। कोविड केयर सेंटर परिसर में ही टेस्टिंग बूथ बनाया गया है। यहां पर निशुल्क कोरोना की जांच की जा रही है। शुक्रवार को कोविड केयर सेंटर में बने बूथ पर जांच कराने के लिए कई लोग पहुंचे। यहां पर आने वाले लोगों से कोविड गाइड लाइन का पालन करने की अपील की गई।