मुख्य शिक्षा अधिकारी ने झबरेड़ा स्थित राजकीय गर्ल्स इंटर कालेज में परीक्षा कराए जाने के मामले में कॉलेज प्रधानाचार्य को नोटिस भेजकर तलब किया है। साथ ही हरिद्वार में अपने कार्यालय में बुलाकर पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं।
झबरेड़ा में बृहस्पतिवार को राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज में इंटर की छात्राओं की प्रयोगात्मक परीक्षा कराई गई थी। कॉलेज बंदी के आदेश के बाद भी परीक्षा कराए जाने को लेकर अमर उजाला ने शुक्रवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. आनंद भारद्वाज ने प्रधानाचार्य को नोटिस जारी किया है। इसमें बताया है कि 20 अप्रैल को जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार कोरोना महामारी के दृष्टिगत जिलेभर के सभी शिक्षक संस्थान अगले आदेश के जारी होने तक बंद रखने जरूरी हैं। केवल ऑनलाइन ही पढ़ाई हो सकती है, लेकिन बृहस्पतिवार को कॉलेज में छात्राओं को बुलाकर परीक्षा करवाकर जिलाधिकारी के आदेश का उल्लंघन किया है। ऐसे में कॉलेज प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा है कि क्यों न आपके खिलाफ आपदा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज नहीं किया जाए। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने रोशनाबाद हरिद्वार कार्यालय में प्रधानाचार्य को अपना पक्ष रखने के लिए तीन मई को तलब किया है।