रुड़की स्थित बीएसएम इंटर कालेज में छात्रों का सैंपल लेते स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : ROORKEE
डीएम के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों में जाकर छात्रों की कोरोना जांच शुरू कर दी है। विभागीय टीम खासकर उन छात्रों के सैंपल ले रही है, जिन्हें खांसी या बुखार जैसे कोरोना से मिलते-जुलते लक्षण हैं। साथ ही उन्हें सैनिटाइजर और मास्क का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस समय देश में कोरोना महामारी की तीसरी लहर की चर्चा है। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। विभाग का पूरा फोकस बच्चों पर है। इसी क्रम में डीएम विनय शंकर पांडेय ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया है कि स्कूलों में टीम भेजकर छात्रों की कोरोना जांच की जाए। स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों में टीम भेजकर छात्रों की सैंपलिंग शुरू कर करा दी है। टीम के सदस्य छात्रों से उनकी तबीयत के बारे में भी जानकारी जुटा रहे हैं। जिनमें बुखार या खांसी की शिकायत है, उन पर विशेष फोकस किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बीएसएम इंटर कॉलेज पहुंचकर छात्रों के सैंपल लिए। इन सैंपलों को जांच के लिए भेज दिया गया है। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि कोविड की आरटीपीसीआर जांच कराई जा रही है। यदि किसी छात्र में कोविड का कोई लक्षण मिलता है तो उसकी रैपिड एंटीजन जांच भी होगी। टीम अब लगातार विभिन्न स्कूलों में जाकर छात्रों के सैंपल लेगी। उन्होंने स्कूल प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे छात्रों से कहें कि आधार कार्ड लेकर स्कूल आएं। प्रधानाचार्य अरुण कुमार सिंह ने बताया कि स्कूल में छात्रों के सैंपल लिए गए हैं।