रुड़की स्थित शिवाजी नगर में दंपत्ति को करंट लगने के बाद मौके पर जमा भीड़।
- फोटो : ROORKEE
शिवाजी कालोनी में कूलर उठाते समय हवलदार और उनकी पत्नी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। इससे हवलदार तो छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी करंट लगने के कारण गंभीर रूप से झुलस गईं।
सेना में सेवारत हवलदार नरेंद्र चावला परिवार के साथ शिवाजी कॉलोनी में किराये पर रहते हैं। जिस मकान में वे रहते हैं, उससे सटकर एक हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। मकान की एक छोटी की बालकनी में नरेंद्र चावला का कूलर रखा था। बुधवार को चावला अपनी पत्नी के साथ कूलर को बालकनी से हटा रहे थे। इस दौरान कूलर हाईटेंशन लाइन से टच हो गया और हवलदार नरेंद्र चावला करंट लगने के कारण छत से नीचे गिर गए। उनकी पत्नी करंट लगने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को मिल्ट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जेई सुरेंद्र सिंह कुंवर ने बताया कि पति-पत्नी दोनों घायल हुए हैं। उनको इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।