फर्जी ढंग से अंत्योदय राशन कार्ड बनाने वाले और उसे इस्तेमाल करने वालों की अब खेर नहीं है। एसडीएम ने लक्सर और खानपुर ब्लॉकों के बीडीओ को फर्जी ढंग से बनाए गए अंत्योदय राशन कार्डों की जांच करने के आदेश दिए हैं। साथ ही इस बाबत खाद्य पूर्ति विभाग से भी तीन दिन के भीतर अंत्योदय कार्ड धारकों की सूची तलब की है। इसके बाद फर्जीवाड़ा सामने आने पर राशन कार्ड निरस्त करने के साथ ही, इन्हें बनाने वाले और इस्तेमाल करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गरीबों तक सस्ती दर पर खाद्यान्न पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 में लागू किया था। केंद्र सरकार की ओर से लागू किए गए खाद्य सुरक्षा अधिनियम में महिलाओं को वरीयता दी गई थी। इसके तहत राशन कार्ड घर की महिला मुखिया के नाम से बनाया जाना था। लक्सर तहसील क्षेत्र में इस समय करीब पांच हजार अंत्योदय और अन्य योजना के राशन कार्ड धारक हैं। इन्हें शासन की ओर से सरकारी राशन की दुकानों से रियायती दरों पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। लेकिन कुछ ऐसे मामले सामने आए हैं, जिसमें फर्जी तथ्यों के आधार पर अंत्योदय राशन कार्ड बनवाए गए हैं। जबकि बहुत से ऐसे लोग छूट गए हैं जो वास्तव में पात्र है। ऐसे में गरीबों तक इस योजना का लाभ नहीं पहुंच पा रहा है। मगर अब फर्जी राशन कार्ड इस्तेमाल करने वाले और इन्हें बनाने वालों पर कार्रवाई होती तय है। दरअसल, फर्जी राशन कार्ड बनवाए जाने के मामले में एसडीएम पूरण सिंह राणा के पास कुछ दिन से लगातार शिकायतें आ रही थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने खाद्य आपूर्ति अधिकारी से तीन दिन के भीतर अंत्योदय के राशन कार्डों की सूची तलब की है। इसी के साथ उन्होंने दोनों विकास खंडों के बीडीओ को अंत्योदय राशन कार्डों की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
हल्का लेखपाल करेंगे जांच
लक्सर के खानपुर के खंड विकास अधिकारियों के सुपर विजन में ग्राम पंचायत विकास अधिकार और हल्का लेखपाल अंत्योदय राशन कार्डों की घर-घर जाकर सघन जांच करेंगे। इनके द्वारा अंत्योदय राशन कार्ड धारकों की जांच करने के बाद उसकी रिपोर्ट एसडीएम को भेजी जाएगी। इसके बाद फर्जी कार्डों को निरस्त कर पात्रों के कार्ड बनवाए जाएंगे।
तहसील क्षेत्र के सभी अंत्योदय राशन कार्ड धारकों की सूची तलब करने के बाद हल्का लेखपाल व ग्राम विकास अधिकारी जांच करेंगे। राशन कार्ड गलत मिलने पर निरस्त किए जाएंगे। फर्जीवाड़ा करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पात्र व्यक्तियों के राशन कार्ड बनवाए जाएंगे।
- पूरण सिंह राणा, एसडीएम, लक्सर