कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक कंपनी परिसर में बवाल और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। बायोटेक कंपनी के डायरेक्टर के साथ अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बुधवार को बायोटेक कंपनी की ओर से शांतनु चौधरी निवासी गणेशपुर, रुड़की ने मंगलौर थाना पुलिस को तहरीर दी है। आरोप है कि 15 जुलाई को ललित कुमार निवासी लाठरदेवा हुण, रुड़की कंपनी के मुख्य गेट पर पहुंचा। यहां उसने कंपनी के डायरेक्टर आदित्य अरोरा के साथ न केवल अभद्र व्यवहार किया बल्कि गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
तहरीर में बताया गया है कि आरोपी ललित कुमार ने कंपनी के गेट पर तोड़फोड़ का भी प्रयास किया जिससे मौके पर भय का माहौल पैदा हो गया। पीड़ित पक्ष ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी ललित कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।