नेहरू युवा केंद्र के मार्गदर्शन में रुड़की ब्लॉक के रॉयल यूथ क्लब के सदस्यों ने मलकपुर माजरा गांव में स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने गांव की गलियों में साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
बृहस्पतिवार को नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी हिमांशु राठौर के मार्गदर्शन में रॉयल यूथ क्लब ने स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम चलाया। क्लब अध्यक्ष अंजलि रानी ने सदस्यों और अन्य लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। कहा कि निरोग रहने के लिए साफ-सफाई जरूरी है। इस समय गर्मियों के दौरान नालियों में गंदगी अट जाने से मच्छर-मक्खी पनपने लगते हैं। इनके काटने और खाद्य पदार्थों पर बैठने से परिवार के सदस्य बीमार पड़ते हैं। इसलिए समय-समय पर गलियों और नालियों की सफाई बेहद जरूरी है। उन्होंने अन्य लोगों से भी अपने-अपने घरों के आसपास एकत्र होने वाले कूड़े को कूड़ेदान में डालने और वहां से नगर निगम के वाहन में डालने की अपील की। कार्यक्रम में कोमल भारती, कीर्तिका, सोनिया, स्नेहा, खुशी, आराधना, शिवानी, कार्तिक, सुशांत, कोमल आदि ने सहयोग दिया। संवाद