एक युवती ने सीआईएसएफ के जवान पर प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा देने का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि अब वह शादी करने से इनकार कर रहा है। दबाव बनाने पर तरह-तरह के बहाने बना रहा है। युवती ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी युवती ने बताया कि करीब चार साल पूर्व उसकी मुलाकात खानपुर क्षेत्र निवासी एक युवक से रिश्तेदारी में हुई थी। दोनों की दोस्ती हो गई और एक-दूसरे को अपने मोबाइल नंबर दे दिए। दोनों की मोबाइल पर बातचीत भी शुरू हो गई। कुछ ही दिनों में उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। इस बीच युवक सीआईएसफ में भर्ती हो गया। इस बीच उसने शादी करने और साथ जीने मरने का वादा किया। ड्यूटी के दौरान भी दोनों की बातचीत होती रही। इसी बीच युवती के परिजन उसकी शादी के लिए लड़का तलाशने लगे। युवती ने इसकी जानकारी प्रेमी को दी और शादी करने की बात कही। आरोप है कि युवक शादी से इनकार कर रहा है। दबाव बनाने पर वह बहाने बना रहा है। युवती ने बताया कि वर्तमान में उसकी तैनाती चेन्नई में है। युवती ने पुलिस को तहरीर देकर शादी करवाने या कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। युवक से संपर्क किया जा रहा है। इसके बाद मामले में अगली कार्रवाई की जाएगी।