पार्किंग से अपहृत डेढ़ साल के बच्चे को अपहरणकर्ताओं ने सुरक्षित परिजनों को लौटा दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि नि:संतान दंपती ने बच्चे का अपहरण किया था लेकिन पुलिस की ओर से सोशल मीडिया पर प्रचार करने से घबराए आरोपियों ने बच्चे को लौटाने का फैसला किया।
मेरठ के अतराड़ा से जियारत करने दरगाह साबिर पाक आए जायरीन का डेढ़ साल का बच्चा अरहान 10 मार्च को पार्किंग से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। पुलिस ने बच्चे के पिता इस्लामुद्दीन की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज का तलाश शुरू कर दी थी। सोशल मीडिया पर बच्चे की फोटो अपलोड कर प्रचार-प्रसार किया गया था। बृहस्पतिवार को सलीम नाम का व्यक्ति बच्चे को लेकर उसके घर पहुंचा और परिजनों के सपुर्द कर दिया। परिजनों ने बच्चा मिलने की सूचना पुलिस को दी। एसओ धर्मेंद्र राठी ने बताया कि व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो आरोपी ने बताया कि उसकी शादी को 11 साल हो चुके हैं। उसको केवल एक बेटी है, कोई बेटा नहीं है।
ऐसे में उसने और उसकी पत्नी ने लालच में आकर अरहान को कलियर से उठा लिया था और अपने घर लेकर चले गए थे। बाद में पुलिस ने सोशल मीडिया पर बच्चे की फोटो डाली तो वे डर गए और सोशल मीडिया पर दिए गए परिजनों के फोन नंबर पर संपर्क कर बच्चे को उनके सुपुर्द कर दिया। एसओ ने बताया कि आरोपी सलीम निवासी खाईखेड़ा थाना मवाना जिला मेरठ, यूपी को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया है। फरार चल रही सलीम की पत्नी रेशमा उर्फ शबाना की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम में एसओ धर्मेंद्र राठी एसआई गिरीश चंद्र, आमिर खान, संजयपाल, सोनू कुमार, आबिद, अमित कुमार, तेजपाल सिंह आदि पुलिसकर्मी शामिल रहे।