झबरेड़ा। चोरों ने बंद पड़े एक मकान का ताला तोड़कर 70 की नगदी समेत सोने चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस वक्त घटी, जब पीड़ित परिवार अस्पताल में भर्ती मरीज को देखने गया था। मकान मालिक की ओर से पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बे के मोहल्ला बढ़पुरियान निवासी कामिल के परिवार के एक सदस्य की तबीयत खराब है। वह चलते अस्पताल में भर्ती है। सोमवार की रात परिवार के सभी सदस्य मकान का ताला लगाकर अस्पताल में गए थे। रात में किसी समय चोरों ने मकान का ताला तोड़ा और चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। मंगलवार की सुबह परिवार के सदस्य जब अस्पताल से घर पहुंचे तो ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए।
घर के अंदर कमरों में सामान बिखरा हुआ पड़ा था। मौके पर आस पास के लोग भी जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मकान का मौका मुआयना किया। पीड़ित कामिल ने बताया कि चोर घर में रखी 70 हजार की नगदी समेत सोने की चेन, सोने के दो कंगन, सोने की दो अंगूठी, टीका, दो जोड़ी कुंडल, सोने का गले का सेट और चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर, एसओ रविंद्र शाह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।