जिम संचालक ने पुलिस कर्मी समेत छह लोगों पर जिम में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर डकैती और बलवे में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित शेखपुरी निवासी सनव्वर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शेखपुरी में कबाड़ी की दुकान और जिम है। पड़ोस में उसके भाई सावेज की दुकान है। सोमवार सुबह वह दुकान पर बैठा था। उसका भाई दुकान अपनी दुकान खोल रहा था। इस बीच शेखपुरी निवासी शब्बू अपनी पत्नी फराह के साथ मौके पर पहुंचा और सावेज को दुकान खोलने पर धमकी देने लगा। विरोध करने पर गाली गलौज कर दी। इस दौरान शब्बू के परिवार और रुद्रपुर में तैनात एक परिचित सिपाही भी मौके पर आ गए। आरोप है कि सभी ने सावेज के साथ गाली गलौज कर मारपीट करनी शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। आरोप है कि उक्त लोगों ने पुलिस के सामने ही सावेज और उसके साथ मारपीट की। साथ ही जिम में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए काउंटर से पांच हजार की नकदी, कार की चाबी और सीसीटीवी की डीबीआर लूटकर ले गए। आरोप है कि उक्त लोगों ने घर में घुसकर महिलाओं से अभद्रता और सामान में तोड़फोड़ की। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर शब्बू, फराह, सारिक, एहतेशाम, आसो और सिपाही हसन जैदी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है।
रुद्रपुर में है तैनात, पूर्व में रहा विवादों में
गंगनहर कोतवाली पुलिस ने जिस सिपाही हसन जैदी के खिलाफ डकैती का केस दर्ज किया है। उस पर पूर्व में हत्या समेत लूट के छह मामले दर्ज हैं। गंगनहर में तैनाती के दौरान एक मकान पर कब्जे को लेकर सिपाही विवादों में आया था। शिकायत पर पुलिस अधिकारियों ने सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया था। इसके बाद सिपाही का तबादला रुद्रपुर हो गया था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी शब्बू खुद को एक पुलिस अधिकारी का करीबी बताता है।