हरिद्वार से गंगा स्नान कर लौट रहे एक श्रद्धालु को कार चालक बीच रास्ते में ही छोड़कर बैग लेकर फरार हो गया। बैग में लाखों की नकदी और अन्य कीमती सामान बताया जा रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर चालक की तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गोवा निवासी एस डिसिल्वा ने तहरीर देकर बताया कि वह 13 अप्रैल को हरिद्वार गंगा स्नान कर लौट रहे थे। उन्होंने हरिद्वार बस डिपो के बाहर से एक कार बुक की थी और दिल्ली छोड़ने की बात कही थी। इसके बाद वह कार में बैठकर दिल्ली के लिए निकल गए थे। जैसे ही वह मंगलौर पहुंचे तो उन्होंने एक पेट्रोल पंप पर चालक को कार रोकने की बात कही। इसके बाद वह कार से उतरकर टायलेट करने चले गए। जबकि उनका बैग कार में ही रखा था। कुछ देर बाद वह वापस आए तो चालक कार सहित गायब था। उन्होंने कार चालक की आसपास तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। उन्होंने पुलिस को बताया कि बैग में 22 हजार यूएस डॉलर, लैपटॉप व एक लाख दस हजार की नकदी थी। कोतवाली प्रभारी अमर चंद शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।