रुड़की ब्लॉक में हिलांस कैफे एवं कैंटीन और लाइब्रेरी का उद्घाटन करने पहुंचे ग्राम्य विकास मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि ब्लॉक में खुली कैंटीन से जहां समूह की महिलाएं स्वरोजगार कर स्वावलंबी बनेंगी। वहीं लाइब्रेरी में अध्ययन कर युवा भी सरकारी नौकरियां पाकर रोजगार की तरफ बढ़ेंगे। उन्होंने अधिकारियों को भी कैंटीन और लाइब्रेरी का पूरे शहर में प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
शनिवार को ग्राम्य विकास मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ब्लॉक परिसर में नवनिर्मित हिलांस कैफे एवं कैंटीन और लाइब्रेरी का उद्घाटन करने पहुंचे। उन्होंने कैंटीन और लाइब्रेरी का रिबन काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि सीडीओ सौरभ गहरवाल व एनआरएलएम की ब्लॉक मिशन प्रबंधक रोमा सैनी ने कुछ महीने पहले समूह की महिलाओं के लिए ब्लॉक परिसर में कैंटीन और लाइब्रेरी खुलवाने का प्रस्ताव रखा था। प्रस्ताव में महिलाओं के स्वावलंबन से जुड़ा होने के कारण उन्होंने तुरंत काम शुरू करवाने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत ये पहल की गई है। उद्घाटन के दौरान उन्होंने स्वयं कैंटीन का बना खाना खाया और खाने की गुणवत्ता की तारीफ की।
इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री आदेश सैनी, नगर विधायक प्रदीप बत्रा, मंडल अध्यक्ष रुड़की प्रवीण सिंधु, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री गजेंद्र, जिला उद्यान अधिकारी नरेंद्र यादव, खंड विकास अधिकारी शिव प्रसाद थपलियाल, एबीडीओ मनोज कोठारी, ब्लॉक मिशन मैनेजर रोमा सैनी, भाजपा नेता ऋषिपाल बालियान, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला महामंत्री जुगेन्द्र सिंह, सुशील राठी, एरिया कोऑर्डिनेटर हेमंत कुमार, एडीओ पंचायत बिजेंद्र सैनी, एडीओ समाज कल्याण विनय सैनी आदि मौजूद थे।
कैंटीन में नियमों का हो पालन
कार्यक्रम के दौरान मंत्री यतीश्वरानंद ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को कैंटीन में खाने की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कैंटीन में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने ब्लॉक मिशन प्रबंधक रोमा सैनी को कैंटीन में नियमों का पालन करवाने के लिए निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्हाेंने कहा कि कैंटीन निर्धारित समय पर खुलनी चाहिए। यहां खाना खाने वाले और चाय पीने वाले लोगों को लंबा इंतजार न करना पड़े।