रुड़की से सवारी लेकर पुरकाजी जा रही प्राइवेट मिनी बस का टायर अचानक फट गया जिससे बस अनियंत्रित होकर हाईवे पर जा पलटी। बस पलटने से सवारियों में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह सवारियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई और घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे मिनी बस रुड़की से सवारी लेकर पुरकाजी के लिए निकली थी। बस में चालक और परिचालक सहित 18 लोग सवार थे। जैसे ही बस नारसन कस्बे के समीप मोहम्मदपुर मार्ग के सामने पहुंची तो अचानक बाईं ओर पीछे का टायर फट गया। इससे अनियंत्रित हुई बस हाईवे के बीचोंबीच पलट गई। अचानक बस पलटने से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसा देख आसपास खेतों में काम कर रहे लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह शीशे तोड़कर सवारियों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा ने बताया कि टायर फटने से हादसा हुआ है। घायलों को अस्पताल में उपचार दिलाकर परिजनों को सूचना दे दी है।
हाईवे पर लगा जाम
हाईवे पर अचानक हादसा होने से जाम लग गया। दूर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने घायल सवारियों को अस्पताल पहुंचाने के बाद बस को सीधा कर हाईवे किनारे किया। इसके बाद वाहनों को गुजारा। इस दौरान करीब आधे घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा।
ये लोग हुए घायल
बलवीर (70) पुत्र छोटेलाल, काजल (15) पुत्री बलवीर, तनु (14), सोनिया (35) पत्नी मोनू निवासी पंजाब, मुन्ना (75) पुत्र यामी निवासी भोजाखेड़ी, थाना पुरकाजी मुजफ्फरनगर, धर्मेंद्र (40) पुत्र अतर सिंह, शीतल (36) पत्नी धर्मेंद्र, दीपक (15) पुत्र धर्मेंद्र, दीपा (16) पुत्री धर्मेंद्र और शिवा (10) पुत्र धर्मेंद्र निवासी खुब्बनपुर, भगवानपुर।