चुड़ियाला में तालाब से अतिक्रमण हटाते पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी।
- फोटो : ROORKEE
चुड़ियाला गांव में सालों से तालाब की सरकारी जमीन पर हुए अवैैैध कब्जे पर प्रशासन की टीम ने आखिरकार बुलडोजर चला दिया। अतिक्रमणकारियों ने विरोध भी किया लेकिन मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। प्रशासन ने फिर से अवैध कब्जा करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
भगवानपुर तहसील क्षेत्र के गांव चुड़ियाला में तालाब की भूमि पर कुछ लोगों ने सालों पहले कब्जा कर लिया था। तालाब की जमीन पर पक्के और कच्चे निर्माण होने करने के साथ ही टीनशेड डाल लिए गए थे। अवैध कब्जे से तालाब की जमीन को मुक्त कराने के लिए गांव के ही अमित त्यागी की ओर से कोर्ट में वाद दायर कर प्रशासन से शिकायत की गई थी। इस पर अपना पक्ष रखने के लिए तहसीलदार कोर्ट में सुनवाई का मौका भी दिया गया था लेकिन अतिक्रमण करने वाले जमीन के दस्तावेज नहीं पेश कर पाए थे। इससे तहसीलदार कोर्ट की ओर से एक साल पहले उन्हें बेदखल करने की कार्रवाई की गई थी। उन्हें बार-बार जमीन से अवैध कब्जा हटाने के लिए लगातार नोटिस जारी किए गए थे लेकिन अवैध कब्जों को नहीं हटाया गया था। बुुधवार को तहसीलदार रेखा आर्य की मौजूदगी में भारी पुलिस बल के साथ अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की गई। कुछ लोगों ने अतिक्रमण हटाने का हल्का विरोध किया लेकिन पुलिस के सामने उनकी एक नहीं चली। इस मौके पर नायब तहसीलदार जसपाल सिंह राणा, चकबंदी अधिकारी टीएस चौहान, लेखपाल विनीत कुमार, तेज्जूपुर चौकी प्रभारी कर्मवीर आदि मौजूद रहे।