आईआईटी की बीटेक की छात्रा के आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि, पुलिस को जानकारी मिली है कि छात्रा की आखिरी बार अपनी मां से मोबाइल पर बातचीत हुई थी। वहीं, पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस के अनुसार, अंशु मलेया (19) पुत्री मुकेश मलेया निवासी गांव मेहरा जिला इतरासी, मध्य प्रदेश आईआईटी से बीटेक द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। वह आईआईटी के कस्तूरबा गांधी हॉस्टल में रह रही थी। मंगलवार शाम छात्रा पंखे पर फंदे से लटकी मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी और शव को नीचे उतारा था। साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर तमाम साक्ष्य जुटाए थे। पुलिस ने घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दी थी।
साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया था। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि छात्रा के आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं लग पाया है। छात्रा के मोबाइल की कॉल डिटेल में पता चला कि मंगलवार सुबह उसकी आखिरी बार अपनी मां से बातचीत हुई थी। अब छात्रा के माेबाइल की सीडीआर निकाली जा रही है। साथ ही पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। उन्होंने बताया कि आईआईटी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।