भाजपा नेता के अपहरण की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। चार बदमाश भाजपा नेता को तमंचे के बल पर आतंकित करते हुए जबरदस्ती कार में डालकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मुंडलाना गांव में भाजपा ओबीसी मोर्चा के नेता पोपिन कश्यप के घर पर शनिवार दोपहर कार में सवार होकर चार बदमाश पहुंचे। बताया जाता है कि उन्होंने भाजपा नेता के साथ गालीगलौज शुरू कर दी और तमंचे के बल पर आतंकित किया। विरोध करने पर बदमाशों ने पोपिन को तमंचे के बल पर जबरदस्ती कार में डाल लिया और फरार हो गए। शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने बदमाशों की कार का पीछा किया, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। अपहरण की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस तुरंत गांव पहुंची और जानकारी ली। साथ ही बदमाशों की तलाश के लिए अभियान चलाया, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी रफत अली ने बताया कि मामला लेनदेन से संबंधित है। कार सवारों और भाजपा नेता की जगह-जगह तलाश की जा रही है। जल्द ही कार सवारों का पता लगाया लिया जाएगा।