आखिरकार लंबी जोड़तोड़ के बाद सरकार ने लक्सर कृषि उत्पादन मंडी समिति के सभापति का नाम तय कर दिया। खानपुर विधायक चैंपियन के समर्थक चौधरी भीम सिंह को तीसरी बार सभापति बनाया गया है। घोषणा के बाद समर्थकों ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया।
मई 2018 में सत्यवीर सिंह का कार्यकाल खत्म होने के बाद से लक्सर कृषि उत्पादन मंडी समिति के सभापति की कुर्सी खाली चल रही थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के समय मंडी समितियों में सभापति नामित करने की प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन स्थानीय नेताओं में एक राय न होने से लक्सर मंडी समिति के सभापति का चार्ज एसडीएम के पास था। बृहस्पतिवार को सरकार ने खानपुर विधायक चैंपियन के समर्थक ढाढेकी निवासी चौधरी भीम सिंह को लक्सर कृषि उत्पादन मंडी का सभापति नामित करने का आदेश जारी कर दिया। वह दो बार पहले भी लक्सर मंडी समिति के सभापति रह चुके हैं। आदेश जारी होने के बाद उन्होंने गोवर्धनपुर उप मंडी स्थल पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान कुंवर दिव्य प्रताप सिंह, चौधरी बुध सिंह, भगत सिंह पंवार, नवनीत शर्मा, ईश्वर पाल सिंह, रण विजय, सुंदर, सचिन कुमार, अर्जुन सिंह, दुष्यंत सिंह, नितिन प्रधान, सुशील चौधरी, परविंदर भाटी मौजूद रहे।