खानपुर। बाइक सवार हथियारबंद तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े एक फाइनेंस कंपनी के दो कर्मचारियों से हजारों की लूट की और फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चल पाया। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, कनखल क्षेत्र में चौला मंडलम फाइनेंस कंपनी का कार्यालय है। फाइनेंस कंपनी वाहनों पर लोन देती है। मंगलवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे कंपनी में काम करने वाले दो कर्मचारी विभोर और राकेश बाइक से गोवर्धनपुर से लालचंदवाला जा रहे थे। जैसे ही वे लालचंदवाला के पास पहुंचे तो एक बाइक पर सवार होकर आए हथियारबंद तीन बदमाशों ने दोनों को रोक लिया। साथ ही हथियारों के बल पर दोनों से आठ हजार की नकदी छीन ली और धमकी देकर फरार हो गए। फाइनेंस कर्मचारियों ने घटना की सूचना खानपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। साथ ही चेकिंग अभियान चलाकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चल पाया। खानपुर एसओ अभिनव शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।